Atul Kumar Rai Chandpur Ki Chanda : एक लेखक जिसके शब्दों में बसती है गाँव की मिट्टी और संगीत की लय

भृगु क्षेत्र बलिया, बाबा क्षितेश्वरनाथ की गोद में बसा छोटा-सा गाँव छाता, जहाँ की मिट्टी ने हिंदी साहित्य को एक लोकप्रिय लेखक अतुल कुमार राय दिया। अपनी लेखनी से अनेक उपलब्धियाँ अर्जित करने वाले अतुल कुमार राय का पहला ही उपन्यास “चाँदपुर की चंदा” साहित्य अकादमी द्वारा पुरस्कृत हुआ। उनकी लेखन शैली में एक ऐसा जादू है, जो पाठकों को शुरुआत से अंत तक बाँधे रखता है। सहज लय, अनोखा अंदाज़ और गहन संवेदनशीलता उनकी रचनाओं की पहचान है, जो युवा और बुज़ुर्ग - दोनों वर्गों को समान रूप से आकर्षित करती है। अपने लेखन में उन्होंने सामाजिक समस्याओं को बेबाक़ी से उठाया है - चाहे वह स्त्री-विमर्श हो, नकल व्यवस्था, राजनीति, आर्थिक मुद्दे, या ग्रामीण जीवन की बारीकियाँ। उनकी कहानियों में गाँव की मिट्टी की महक, मानवीय रिश्तों की ऊष्मा और जीवन का यथार्थ गहराई से महसूस होता है।
जीवन के पन्ने: संघर्ष, सपने और साहित्य
Rachnakosh.in पर इस विशेष प्रस्तुति में, अनीश कुमार 'देव' ने टेलीफ़ोनिक संवाद के माध्यम से अतुल कुमार राय के बचपन की यादों, स्कूल और कॉलेज के अनुभवों, और लेखक बनने तक के उनके प्रेरणादायक सफ़र को करीब से जाना। यह बातचीत सिर्फ़ एक साक्षात्कार नहीं, बल्कि उनके जीवन के उन पन्नों की झलक है, जहाँ संघर्ष, सपने और साहित्य एक साथ सांस लेते हैं।
बलिया उनके लिए केवल एक भौगोलिक स्थान नहीं है, बल्कि एक जीवंत अनुभव है। बचपन की यादों से लेकर जीवन के संघर्षों तक, हर मोड़ पर बलिया उनके लेखन का हिस्सा बनता गया। वे बताते हैं कि उन्हें अपनी कहानी के लिए एक ऐसे गाँव की तलाश थी, जो भीतर से जीवंत हो और कथा को वास्तविक धरातल दे सके। इसी खोज में उन्हें चाँदपुर दिखा और उन्होंने इसे अपनी कहानी की पृष्ठभूमि बना लिया। दरअसल, उनके अनुसार यह एक तरह की ‘डॉक्यूमेंट्री’ थी - गाँव के पर्व-त्योहार, चौपाल, रेडियो और उस समय की छोटी-छोटी चीज़ों को सहेज लेने की कोशिश।

लेखन-यात्रा की शुरुआत
उनकी लेखन-यात्रा की शुरुआत भी बड़े दिलचस्प अंदाज़ में हुई। फ़रवरी 2016 की एक ठंडी सुबह, जब वे बी.एच.यू. में एम.ए. कर रहे थे और बलिया–वाराणसी पैसेंजर ट्रेन से लौट रहे थे, तभी उन्होंने डिब्बे में एक लड़के को अपनी प्रेमिका से कहते सुना - "वैलेंटाइन वीक चल रहल बा, रोज़ डे, प्रपोज़ डे, चॉकलेट डे सभ बीत गइल… बाकिर हमरा गाँव में त टावरे नइखे।"
यह संवाद उनके मन में उतर गया। उन्होंने उसी अनुभव को फेसबुक पर लिखा और वह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई:
"मेरी प्यारी पिंकी.... वेलेंटाइन बाबा के कसम इ लभ लेटर मैं सरसों के खेत से नहीं तुम्हारी मुहब्बत के टावर पर चढ़कर लिख रहा हूँ ... डीह बाबा काली माई के कसम आज तीन दिन से मोबाइल में टावरे नहीं पकड़ रहा था...ए पिंकी खीसियाना मत.. हमारे मोहब्ब्त के दुश्मन सिर्फ हमारे तुम्हारे घर वाले ही नहीं, ये एयरटेल और वोडाफोन वाले भी हैं।"
सोशल मीडिया से उपन्यास तक का सफर
हालाँकि, पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यस्तता ने उन्हें लंबे समय तक लेखन से दूर रखा। यूजीसी-नेट, जेआरएफ और अन्य तैयारियों के बीच वे केवल कभीकभार ब्लॉग और अख़बारों में लिखते रहे। परंतु 2018 - 19 में उन्हें एहसास हुआ कि क्षणिक पोस्ट या ब्लॉग से आगे बढ़कर उन्हें उपन्यास लिखना चाहिए। उनका मानना है कि फेसबुक पोस्ट की उम्र बहुत छोटी होती है, जबकि उपन्यास लेखक की स्थायी पहचान गढ़ता है। इसलिए उन्होंने “चाँदपुर की चंदा” को आकार दिया और यह उनकी साहित्यिक पहचान का आधारस्तंभ बन गया।

आज के दौर में जब सोशल मीडिया और शॉर्ट वीडियो लोगों की दिनचर्या का अहम हिस्सा बन चुके हैं, वहीं लेखक अतुल कुमार राय का मानना है कि किताबों की अहमियत अब भी बरकरार है। उनका कहना है - “आजकल लोग शॉर्ट वीडियो देखना पसंद करते हैं। फेसबुक जैसे मंचों पर लेखन भी कम हुआ है। लेकिन अच्छी बात यह है कि अब किताबें पढ़ना एक तरह से कूल माना जाने लगा है। अगर आपने ढंग से लिखा है, तो लोग किताब खरीदते भी हैं और पढ़ते भी हैं।”
वे बताते हैं कि उनका उपन्यास इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। तीन साल बाद भी पाठक उनकी किताब पढ़कर उससे जुड़ाव महसूस करते हैं और अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। उनके अनुसार, यह अनुभव बेहद संतोषजनक है क्योंकि यह साबित करता है कि किताबें अब भी दिलों तक पहुँच रही हैं।
साहित्य का उद्देश्य और संगीत का प्रभाव
लेखन के उद्देश्य पर बात करते हुए अतुल कुमार राय स्पष्ट करते हैं - “मेरे लिए साहित्य का मक़सद सिर्फ़ ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुँचना नहीं है। समाज की हर समस्या का कोई तय मॉडल हमारे पास नहीं होता, लेकिन साहित्य का असली काम इंसान को बेहतर मनुष्य बनाना है। अगर मेरी रचनाएँ किसी पाठक को भीतर तक झकझोर सकें, उसमें सकारात्मक बदलाव ला सकें, तो यही मेरी सबसे बड़ी सफलता है।” वे आगे बताते हैं कि कई पाठकों ने उन्हें लिखा कि उनकी किताब पढ़कर वे भावुक हो उठे। उनके लिए यही सबसे बड़ी उपलब्धि है - चाहे पाठकों की संख्या सौ हो या दो सौ। संगीत की शिक्षा ने भी उनकी लेखनी को नई दिशा दी है। अतुल कुमार राय कहते हैं - “मेरे लेखन में एक लय है, एक रिदम है और इसका बड़ा श्रेय संगीत को जाता है। गद्य भी अपने भीतर छंद समेटे होता है। अगर उसमें लय नहीं होगी तो पाठक ऊब जाएगा। संगीत ने मुझे भावों की गहराई दी और एक नई दृष्टि दी, जो लेखन के लिए बेहद ज़रूरी है।” उनके उपन्यासों में गीत और लोकगीत की मौजूदगी इसी बात का प्रमाण है।

भविष्य की योजनाएँ और मुंबई का बाज़ार
भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए अतुल कहते हैं - “आगे के दिनों में भी यही धारा बनी रहेगी चाहे उपन्यास हों या फ़िल्में। इस समय मैं दो-तीन स्क्रिप्ट पर काम कर रहा हूँ। उम्मीद है कि साल के अंत तक इनसे जुड़ी अच्छी ख़बरें सामने आएंगी। साथ ही गानों और नए उपन्यासों पर भी लगातार काम जारी है।” वेब सीरीज़, फ़िल्मों और गानों के क्षेत्र में सक्रिय अतुल कुमार राय से जब यह पूछा गया कि साहित्यिक लेखन जैसे कहानी, कविता या उपन्यास का अनुभव इनसे कितना अलग होता है, तो उन्होंने साफ़ कहा कि दोनों बिल्कुल भिन्न दुनिया हैं। उनके अनुसार, मुंबई एक बहुत बड़ा बाज़ार है जहाँ लेखन प्रायः ब्रीफ़ पर आधारित होता है। ऐसे माहौल में लेखक की भावनाएँ और उसकी व्यक्तिगत पसंद-नापसंद अक्सर पीछे छूट जाती हैं, जबकि प्राथमिकता केवल बाज़ार की माँग को दी जाती है। यही कारण है कि बहुत से लोग इस चुनौती को सँभाल नहीं पाते और लौट जाते हैं, जबकि कुछ अपनी जगह बना लेते हैं।
वे बताते हैं कि कई बार लेखक को ऐसे विषयों पर भी लिखना पड़ता है जिनसे उसका कोई लगाव नहीं होता। उदाहरण देते हुए कहते हैं कि “यदि कोई शायरी लिखना पसंद करता है, लेकिन किसी प्रोजेक्ट के लिए अचानक हॉरर स्क्रिप्ट की ज़रूरत आ जाए, तो आर्थिक दबाव में उसे वही लिखना पड़ता है। यही संतुलन हर कोई साध नहीं पाता और इसी वजह से बहुत से लोग टिक नहीं पाते।”
उनका मानना है कि किसी भी लेखक की असली पहचान उसके मौलिक विचारों में छिपी होती है। अगर कोई केवल वही लिखेगा जो पहले से लिखा जा चुका है, तो वह भीड़ में गुम हो जाएगा। वे कहते हैं - “मेरी कोशिश यही रहती है कि मेरी लेखनी में मौलिकता और अपना अलग अंदाज़ हमेशा बरक़रार रहे। विषय चाहे पहले भी उठाए गए हों, लेकिन जिस दृष्टि और शैली में मैं उन्हें प्रस्तुत करता हूँ, वही मुझे अलग बनाती है।”
दहेज समस्या और गीतों पर सफाई
अपने उपन्यास “चाँदपुर की चंदा” में अतुल कुमार राय ने दहेज उत्पीड़न की समस्या को गहराई से उठाया है। इसी बीच उनका लिखा गीत “बीस लाख रुपया एगो गाड़ी चाहीं” सोशल मीडिया पर खूब चर्चित हुआ। इस पर हमने उनसे ज़िक्र किया कि एक ओर वे कहानी में दहेज के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद करते हैं और दूसरी ओर ऐसे गीत भी लिखते हैं - इसे कैसे देखा जाए ? अतुल मुस्कुराते हुए कहते हैं, “नहीं, बिल्कुल नहीं। अगर आप गीत को अंत तक सुनेंगे तो पाएँगे कि दूल्हा आख़िर में कहता है - 'नाहीं बीस लाख रुपया, नाहीं गाड़ी चाहीं, बस तहरा लेखा कनिया संस्कारी चाहीं।' मेरा मक़सद यही था कि समाज में जो सच्चाई है, पहले उसे दिखाया जाए। शादियों में अक्सर ऐसी माँगें सुनने को मिलती हैं, और वही मैंने गीत की शुरुआती पंक्तियों में रखा। लेकिन असली संदेश अंत में है - जहाँ दूल्हा साफ़ कह देता है कि उसे दहेज नहीं चाहिए।”

वे आगे जोड़ते हैं - “मैंने तो इसके विरोध में भी लिखा है। जैसे एक गीत की पंक्तियाँ हैं - 'करबs डिमांड… हमसे बुलेटs दहेज में, लगाइब चार डंडा… दिमाग होई ठंडा।' इन गानों का मक़सद दहेज को बढ़ावा देना नहीं है। यह दरअसल समाज की बेतुकी माँगों पर व्यंग्य है। अब 10–12 पंक्तियों में सारी बात कहना आसान तो नहीं होता, लेकिन मेरी कोशिश यही रहती है कि श्रोता गीत के अंत तक सही संदेश समझ सकें।”
Also Read : चाँदपुर की चंदा: एक गाँव की बेबसी और बेजोड़ मोहब्बत, जहां किस्मत में सिर्फ पानी ही पानी है
समाज के ज्वलंत मुद्दों को सामने लाने का साहस
लेखक और गीतकार के रूप में अतुल कुमार राय केवल समाज की तस्वीर उतारने भर तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उसके भीतर छिपी विसंगतियों को उजागर कर उनका मज़ाक भी उड़ाते हैं। यही कारण है कि उनके गीत मनोरंजन के साथ-साथ सोचने पर मजबूर करते हैं। शायद यही संतुलन जहाँ व्यंग्य भी है और संदेश भी उनकी रचनाओं को पाठकों और श्रोताओं के बीच इतना लोकप्रिय बना देता है।
अपने उपन्यास “चाँदपुर की चंदा” के ज़रिए उन्होंने समाज के अनेक ज्वलंत मुद्दों को सामने लाने का साहस किया और पाठकों के मन-मस्तिष्क को झकझोरने की कोशिश की। यह उनकी संवेदनशीलता और जागरूक दृष्टि का प्रमाण है। जीवन के संघर्षों और परिस्थितियों से जूझते हुए भी उन्होंने साहित्य को अपने जीवन की धुरी बनाया। उनकी लेखनी गाँव और समाज की वास्तविकताओं को उजागर करती है, साथ ही पाठकों के भीतर सोचने और बदलाव की नई राहें खोलती है।
प्रस्तुति/साक्षात्कार: अनीश कुमार 'देव'