संस्कृत से पढ़ाई, फिर उर्दू में फेल - कैसे रची ग़ज़लों की दुनिया ? निदा फ़ाज़ली और बशीर बद्र के दौर का गवाह रहे आलम ख़ुर्शीद साहब की कहानी

rachnakosh.in · 26 November 2026 · 23 मिनट

संस्कृत से पढ़ाई, फिर उर्दू में फेल - कैसे रची ग़ज़लों की दुनिया ? निदा फ़ाज़ली और बशीर बद्र के दौर का गवाह रहे आलम ख़ुर्शीद साहब की कहानी

किसी शायर का सफ़र महज़ कुछ ख़ूबसूरत अल्फ़ाज़, चुनिंदा अशआर और मुशायरों में मिलने वाली तालियों तक सीमित नहीं होता। उसके पीछे एक पूरी ज़िंदगी होती है, कुछ अधूरे ख़्वाब, कुछ अनकहे अफ़साने, कुछ तल्ख़ तजुर्बे और कुछ ऐसे मोड़, जहां इंसान ख़ुद अपनी तलाश में निकल पड़ता है। शायरी भी शायद इसी तलाश का एक नाम है।

आलम खुर्शीद की शख़्सियत को समझने के लिए उनके अशआर पढ़ना जितना ज़रूरी है, उतना ही ज़रूरी है उनके उस सफ़र को जानना, जो उन्हें आरा (बिहार) की गलियों से लेकर उर्दू अदब की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं, देश के बड़े साहित्यिक मंचों और अंतरराष्ट्रीय मुशायरों तक ले गया।

दिलचस्प बात यह है कि जिस शख़्स ने आगे चलकर उर्दू शायरी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई, उसे कभी शायरी से चिढ़ हुआ करती थी। स्कूल-कॉलेज के दिनों में वे अपने शायर दोस्तों की रचनाओं का पोस्टमार्टम किया करते थे। उनकी शायरी पर हंसी-मज़ाक करते थे। फिर एक दिन एक दोस्त ने चुनौती दे दी, दूसरों की शायरी पर टिप्पणी करना आसान है, ख़ुद कुछ लिखकर दिखाइए।

यहीं से एक ऐसी यात्रा शुरू हुई, जिसने आगे चलकर आलम खुर्शीद को शायर के रूप में स्थापित किया। उनकी रचनात्मक यात्रा में एक और दिलचस्प विरोधाभास है। बचपन में उन्होंने संस्कृत को अपनी पढ़ाई का विषय चुना, जबकि उर्दू से उनका परिचय बेहद सीमित था। एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें उर्दू लिखने-पढ़ने में कठिनाई होती थी और बोर्ड की परीक्षा में वे उर्दू में असफल भी हुए। लेकिन समय ने करवट ली और वही शख़्स उर्दू अदब की दुनिया में अपनी रचनाओं के ज़रिये पहचाना जाने लगा।

शहरयार, निदा फ़ाज़ली, बशीर बद्र, शम्सुर रहमान फ़ारूक़ी और राहत इंदौरी जैसे नामों से जुड़े उनके अनुभव इस बातचीत को और दिलचस्प बनाते हैं। इस बातचीत में शायरी के साथ-साथ साहित्यिक दुनिया की चमक, उसके अंतर्विरोध, दोस्ती, महत्वाकांक्षा, आत्मसम्मान और रचनाकार की स्वतंत्रता पर भी खुलकर बात हुई। आलम खुर्शीद से यह बातचीत एक शायर के बनने की कहानी भर नहीं, बल्कि उस रचनात्मक मन की पड़ताल है, जो अपनी शर्तों पर लिखना चाहता है और साहित्य को किसी विचारधारा या दायरे की कैद में नहीं देखता।

शायरों का मज़ाक उड़ाते-उड़ाते ख़ुद शायरी करने लगा

सवाल : आलम साहब, आपको लोग एक ग़ज़लकार के तौर पर जानते हैं। लेकिन इस मुक़ाम तक पहुंचने का आपका सफ़र कैसे शुरू हुआ ? लिखने की शुरुआत कहां से हुई ? शायरी की तरफ़ रुझान कैसे पैदा हुआ ?

आलम ख़ुर्शीद : दरअसल, ग़ज़ल ऐसी चीज़ है कि उसका राइम और लयबोध बहुत से लोगों के भीतर मौजूद होता है। मगर उन्हें इसका एहसास नहीं होता या फिर उन्हें अपनी प्रतिभा को सामने लाने का मौक़ा नहीं मिलता। कुछ ऐसा ही मेरे साथ भी था। स्कूल के दिनों में अपने साथियों के लिए पैरोडी बनाया करता था। वे उसे गाते थे, लेकिन मुझे ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था कि मैं कभी शायरी भी कर सकता हूं।

बल्कि सच तो यह है कि शायरी से मेरी एक तरह की चिढ़ थी। अपने शहर आरा में मैं शायरों का मज़ाक उड़ाने के लिए मशहूर था। उस दौर में कुछ शायरों से मेरी खूब नोकझोंक हुआ करती थी। मैं मूल रूप से स्पोर्ट्समैन था। फुटबॉल और क्रिकेट मेरे पसंदीदा खेल थे। आउटडोर और इंडोर, लगभग हर तरह के खेल में मेरी दिलचस्पी थी। पढ़ाई भी अच्छी चलती रही और खेल में भी कोई कमी नहीं थी। फिर जब इंटरमीडिएट में पहुंचा तो कुछ ऐसे दोस्तों की संगत मिली, जो शायरी और कहानियां लिखा करते थे। उनमें कुछ लोग पहले से साहित्यिक पत्रिकाओं में प्रकाशित हो रहे थे। उन्हीं के साथ बैठना-उठना शुरू हुआ।

उस दौर में बिहार के मशहूर शायर सुल्तान अख़्तर भी हमारे बीच थे। इसके अलावा अख़्तर वासिफ़, खुर्शीद सहर और रहमान शाही जैसे दोस्त भी लिखते थे। हमारी महफ़िलें जमती थीं। मेरी भूमिका वहां एक ऐसे शख़्स की होती थी, जो दूसरों के शेर सुनकर उनका पोस्टमार्टम करने लगता था। कभी अर्थ का अनर्थ निकालता, तो कभी किसी शेर का मज़ाक बना देता।

एक दिन मेरे एक दोस्त को मेरी इस आदत से बहुत बुरा लगा। उसने मुझे किनारे ले जाकर कहा कि दूसरों की शायरी का मज़ाक उड़ाना तो बहुत आसान है, कभी कुछ लिखकर भी दिखाइए, तब पता चलेगा। उस बात ने मुझे भीतर तक प्रभावित किया। एक तरफ़ मुझे लगा कि मैंने अपने दोस्त को बेवजह आहत किया है, दूसरी तरफ़ मेरे भीतर एक ज़िद भी पैदा हो गई कि जब उसने चुनौती दी है तो इसे स्वीकार भी करना चाहिए। यह लगभग 1976-77 की बात है। वहीं से शायरी की तरफ़ मेरा वास्तविक रुझान शुरू हुआ।

संस्कृत पढ़ने वाला लड़का कैसे उर्दू की दुनिया तक पहुंचा ?

सवाल : आपकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी दिलचस्प रही है। आपने संस्कृत माध्यम से पढ़ाई की, जबकि आगे चलकर उर्दू शायरी में अपनी अलग पहचान बनाई। इस बदलाव की कहानी क्या है ?

आलम ख़ुर्शीद : मेरी पढ़ाई-लिखाई में उर्दू का बहुत अधिक दख़ल नहीं रहा। बचपन में हमारे घर में उर्दू सीखने-पढ़ने का वैसा माहौल नहीं था। मेरे चाचा ने स्कूल में मेरा संस्कृत विषय दिलवा दिया। लिहाज़ा शुरुआती पढ़ाई से लेकर आगे तक संस्कृत ही पढ़ता रहा। सेकेंडरी की पढ़ाई के लिए मेरा दाख़िला आरा के हितनारायण छत्री स्कूल में हुआ। वहां भी संस्कृत ही पढ़ता था।

इस दौरान एक दिलचस्प घटना हुई। एक दिन संस्कृत के पंडित जी ने कक्षा में मुझसे पूछा कि 'विद्या ददाति विनयम्' का अर्थ क्या होता है? उस दिन मैं पिछली कक्षा में अनुपस्थित था और वह पाठ मुझे मालूम नहीं था। मैंने साफ़-साफ़ कह दिया कि मुझे इसका अर्थ नहीं पता, क्योंकि उस दिन मैं स्कूल नहीं आया था। मगर पंडित जी मेरी बात समझने के बजाय नाराज़ हो गए। उन्होंने मुझे बहुत मारा। मैं बार-बार सफ़ाई देता रहा, लेकिन उनका गुस्सा बढ़ता गया। आख़िरकार मैंने कह दिया कि जितना मारना है मार लीजिए, लेकिन अब मैं संस्कृत नहीं पढ़ूंगा।

बात इतनी बढ़ी कि मुझे कक्षा से बाहर कर दिया गया। स्कूल के हेडमास्टर जगन्नाथ सिंह मेरे गांव के थे। उन्होंने मुझे बुलाकर पूरी बात पूछी। उन्होंने समझाया कि अब बोर्ड की परीक्षा नज़दीक है, ऐसे में संस्कृत छोड़ना ठीक नहीं होगा। लेकिन मैंने साफ़ कह दिया कि अब संस्कृत नहीं पढ़नी। इसके बाद मैंने उर्दू विषय ले लिया। विडंबना यह थी कि मुझे उर्दू लिखना तक ठीक से नहीं आता था। परीक्षा से पहले एक-एक पन्ना लिखकर अभ्यास करता था। नतीजा यह हुआ कि मैं उर्दू में फेल हो गया, लेकिन हिंदी में अच्छे अंक थे। उस समय हिंदी और उर्दू के अंकों को मिलाकर परिणाम तैयार होता था। लिहाज़ा हिंदी में अच्छे अंक होने के कारण मैं किसी तरह पास हो गया।

आज जब पीछे मुड़कर देखता हूं तो यह सफ़र अपने आप में दिलचस्प लगता है। जिस भाषा में कभी परीक्षा में असफल हुआ, उसी भाषा की शायरी आगे चलकर मेरी पहचान बन गई।

'शबख़ून' में छपना किसी साहित्यिक प्रमाणपत्र से कम नहीं था

सवाल : आपने बताया कि दोस्त की चुनौती के बाद लिखना शुरू किया। फिर पढ़ने का सिलसिला कैसे आगे बढ़ा ? उस दौर में किन शायरों और साहित्यिक पत्रिकाओं ने आपको प्रभावित किया ?

आलम ख़ुर्शीद : शुरुआत में मेरी दिलचस्पी फिक्शन में थी। मोहल्ले में एक लाइब्रेरी थी, जहां बहुत सारी किताबें थीं। मुझे कहानियां पढ़ने का बहुत शौक था। लाइब्रेरी की किताबों के कैटलॉग नंबर तक याद रहते थे। कौन-सी किताब किस नंबर पर रखी है, इसका पता रहता था।

शायरी की तरफ़ आने के बाद मैंने साहित्यिक रिसालों और पत्रिकाओं को पढ़ना शुरू किया। उस दौर में शहरयार, निदा फ़ाज़ली और बशीर बद्र जैसे शायर बहुत मशहूर थे। ये हम लोगों के वरिष्ठ थे। आधुनिक शायरी की एक पूरी पीढ़ी थी, जिसे मैंने पढ़ा। उस दौर की लगभग सभी महत्वपूर्ण पत्रिकाओं से मेरा परिचय हुआ। आधुनिक शायरी को पढ़ने के बाद मैंने प्रगतिशील साहित्य और शायरों को पढ़ना शुरू किया। इस अध्ययन ने मेरी समझ को व्यापक बनाया। धीरे-धीरे लिखने लगा और लिखते-लिखते एक दिन मेरी डायरी भर गई।

लेकिन एक मुश्किल थी। मैंने दूसरों की शायरी का इतना मज़ाक उड़ाया था कि अब अपनी शायरी किसी को सुनाने की हिम्मत नहीं होती थी। मैं किसी को अपना उस्ताद भी नहीं बनाना चाहता था। ऐसे में यह समझना मुश्किल था कि जो लिख रहा हूं, उसमें वास्तव में कुछ दम है या नहीं। तब मैंने एक रास्ता निकाला। उस समय 'शबख़ून' नाम की एक बेहद प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका निकलती थी, जिसका संपादन शम्सुर्रहमान फ़ारूक़ी साहब करते थे। साहित्य की दुनिया में उसकी बहुत अहमियत थी। उसमें किसी की रचना प्रकाशित होना एक बड़े प्रमाणपत्र की तरह माना जाता था।

मेरा पूरा नाम मुहम्मद ख़ुर्शीद आलम ख़ान था। मैंने अपना नाम उलटकर 'आलम ख़ुर्शीद' कर लिया और अपनी दो ग़ज़लें 'शबख़ून' को भेज दीं। इसके साथ ही 'सारिका' और मुंबई से निकलने वाली एक प्रतिष्ठित पत्रिका 'शायर' में भी अपनी अलग-अलग ग़ज़लें भेजीं। मैंने अपना पता आरा की जगह पटना का दिया, ताकि मेरी पहचान सामने न आए। उस समय तक मैं नौकरी में भी आ चुका था। यह लगभग 1982 की बात है। दिलचस्प संयोग देखिए कि एक सप्ताह के भीतर तीनों पत्रिकाओं से सूचना आ गई कि मेरी रचनाएं प्रकाशित की जा रही हैं। तीनों जगह मेरी ग़ज़लें छपीं। मेरे लिए यह बहुत बड़ा क्षण था। मुझे पहली बार लगा कि शायद मेरी शायरी में भी कुछ ऐसा है, जिसे साहित्य की दुनिया स्वीकार कर सकती है।

नौकरी ज़रूरत थी, शायरी जुनून

सवाल : साहित्यिक सफ़र शुरू हो चुका था और इसी दौरान नौकरी भी मिल गई। क्या कभी ऐसा लगा कि नौकरी की ज़िम्मेदारियों ने आपके रचनात्मक जीवन को सीमित कर दिया ?

आलम ख़ुर्शीद : नौकरी करना मेरे लिए कोई विकल्प नहीं, बल्कि पारिवारिक ज़रूरत थी। ग्रेजुएशन के बाद बैंक में नौकरी की और फिर वहां से सेंट्रल गवर्नमेंट की नौकरी में चला गया। परिवार की ज़िम्मेदारियां थीं। ऐसे में अपने ख़्वाब पूरे करने के लिए नौकरी छोड़ना संभव नहीं था। हालांकि नौकरी में आने के बाद मुझे एक दूसरी कमी महसूस हुई। खेल-कूद लगभग छूट गया। मैं क्रिकेट और फुटबॉल की डिस्ट्रिक्ट लीग खेला करता था। नौकरी में आने के बाद वह सब पीछे छूट गया।

कभी-कभी लगता था कि ज़िंदगी का मतलब सिर्फ़ खाना-पीना, दफ़्तर जाना और वापस आ जाना नहीं हो सकता। कुछ ऐसा होना चाहिए, जो भीतर के आदमी को भी ज़िंदा रखे। मेरे लिए वह जगह लेखन ने बनाई। मेरे अधिकारियों की भी बहुत मेहरबानी रही। नौकरी में मुझे काम करने की पर्याप्त आज़ादी मिली। कब आना है, कब नहीं आना है, इस तरह के अनावश्यक सवालों का सामना नहीं करना पड़ा। मेरे लिखने-पढ़ने की वजह से भी उन्होंने मुझे समझा और सहयोग दिया। मैंने नौकरी और शायरी दोनों को साथ लेकर चलने की कोशिश की। नौकरी ने परिवार को संभाला और शायरी ने मेरे भीतर के संसार को।

मुशायरे में बुलाए जाने पर भी मंच से भागने का मन करता था

सवाल : पत्रिकाओं में लगातार छपने के बाद मंच तक पहुंचने का सफ़र कैसा रहा ? क्या शुरुआत से ही मुशायरों में लोकप्रियता मिलने लगी थी ?

आलम ख़ुर्शीद : पत्रिकाओं में छपने के बाद लगभग पांच वर्षों तक बहुत कम लोग जानते थे कि 'आलम ख़ुर्शीद' कौन है। लेकिन लिखने और छपने का जुनून बढ़ता गया। छोटे-बड़े तमाम साहित्यिक रिसालों में छपने लगा। उस दौर में पहचान बनाने का सबसे बड़ा माध्यम पत्रिकाएं थीं। आज की तरह सोशल मीडिया नहीं था कि रातोंरात कोई मशहूर हो जाए। उस समय साहित्यिक पत्रिकाओं में प्रकाशित होना ही किसी लेखक की पहचान बनाता था।

मंच पर जाने का सिलसिला बाद में शुरू हुआ। स्थानीय मुशायरों में बुलाया जाने लगा। लेकिन मेरी झिझक इतनी थी कि जब कोई मेरा नाम पुकारता तो मन करता कि जूता पहनकर वहां से निकल जाऊं। धीरे-धीरे रेडियो और फिर दूसरे माध्यमों से भी बुलावा आने लगा। लेकिन मंच पर सहज होने में समय लगा। मेरे साथ एक बात हमेशा रही कि मैं अपनी शायरी को लोगों पर थोपना नहीं चाहता था। मुशायरे में भी एक-दो ग़ज़लें पढ़कर चुपचाप वापस बैठ जाता था। अगर श्रोता दोबारा सुनाने की मांग करते, तभी फिर उठता था।

एक दिन ये लोग ख़ुद हमसे मिलने आएंगे

सवाल : आपने शहरयार, निदा फ़ाज़ली और बशीर बद्र जैसे बड़े शायरों को पढ़ा। क्या कभी उनके साथ मंच साझा करने या व्यक्तिगत मुलाक़ात का अवसर मिला ?

आलम ख़ुर्शीद : बिल्कुल। बाद में इन सभी लोगों के साथ बहुत अच्छे संबंध बने। निदा फ़ाज़ली साहब से तो आख़िरी दौर तक आत्मीयता रही। वे अक्सर फ़ोन करते और घंटों बात होती थी। कई बार कहते थे कि आलम, अब किससे बात करें, कोई बात करने लायक़ नहीं रहा। बशीर बद्र साहब के साथ भी मुलाक़ात का एक अनुभव है। मैं उन्हें बहुत पसंद करता था। उनकी शायरी का एक अलग डिक्शन था। एक बार भोपाल के भारत भवन में साहित्यिक कार्यक्रम के दौरान उनसे मिलने गया। मेरे साथ शकील आज़मी भी थे।

मैं बहुत उत्साह से उनसे मिलने पहुंचा था कि कुछ साहित्य की बातें होंगी, उनकी शायरी के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। लेकिन उस मुलाक़ात में साहित्य की अपेक्षा उनकी निजी उपलब्धियों और दूसरी बातों का ज़िक्र अधिक होता रहा। मुझे थोड़ी निराशा हुई। फिर मैंने उनसे इजाज़त ली और वहां से चला आया। दरअसल, मैं किसी शायर को बहुत पसंद करता हूं तो उसके प्रति मेरे मन में एक ख़ास सम्मान होता है। मैं नहीं चाहता कि किसी मुलाक़ात के बाद वह सम्मान कम हो जाए।

सवाल : आपके इस विचार में एक ख़ास आत्मसम्मान दिखाई देता है। क्या यही वजह थी कि आप शुरुआती दिनों में बड़े शायरों से मिलने जाने से बचते थे ?

आलम ख़ुर्शीद : बिल्कुल। एक समय पटना में ए.जी. का बड़ा मुशायरा हुआ करता था। उसमें शहरयार, निदा फ़ाज़ली और उस दौर के कई बड़े शायर आते थे। सुल्तान अख़्तर साहब हम लोगों को अक्सर कहते थे कि चलो, तुम्हें शहरयार से मिलवा दें या निदा फ़ाज़ली से मिलवा दें। मेरे दोस्त बड़े उत्साह से उनसे मिलने चले जाते, लेकिन मैं वहीं बैठा रह जाता। एक दिन उन्होंने मुझसे पूछा कि तुम इन शायरों को इतना पसंद करते हो, उनकी तारीफ़ करते हो, फिर मिलने क्यों नहीं जाते ?

मैंने उनसे कहा कि आज मैं उनसे मिलकर क्या करूंगा ? वे मुझे कितना याद रखेंगे ? मेरा एक दिन आएगा, जब ये लोग ख़ुद मुझसे मिलेंगे, मुझे बुलाएंगे और मुझसे प्यार करेंगे। और बाद में ऐसा हुआ भी। मेरे लिए यह संतोष की बात रही कि साहित्यिक पहचान किसी के पीछे भागकर नहीं, अपने काम से बनी।

सवाल : आपने शकील आज़मी का ज़िक्र किया। उनकी शायरी में भी शब्दों का एक अलग संसार दिखाई देता है। आपके उनके साथ कैसे संबंध रहे हैं?

आलम ख़ुर्शीद : शकील आज़मी मुझसे लगभग दस साल जूनियर हैं। जब वे नए-नए शायरी की दुनिया में आए थे, तभी से मैं उन्हें प्रोत्साहित करता रहा हूं। छोटे भाई की तरह उनका साथ दिया।

आरा से लेकर मुंबई और विदेशों तक उनकी साहित्यिक यात्रा में मैंने अपनी तरफ़ से हर संभव सहयोग किया। कई मौक़ों पर उनके लिए कोशिशें कीं और उनके साथ खड़ा रहा।

मेरे लिए नई पीढ़ी के शायरों को प्रोत्साहित करना हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। साहित्य केवल अपने लिखने से आगे नहीं बढ़ता। नई प्रतिभाओं को जगह देना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना भी साहित्यिक संस्कृति का हिस्सा है।

विदेशों में मुशायरे : मनोरंजन से आगे पहचान का सवाल

सवाल : आपने सऊदी अरब, कुवैत और बहरीन जैसे देशों में मुशायरों में शिरकत की। विदेशों में भारतीय शायरी और मुशायरों को किस नज़र से देखा जाता है ? क्या वहां भी साहित्य और मंचीय लोकप्रियता के बीच कोई अंतर दिखाई देता है ?

आलम ख़ुर्शीद : विदेशों का माहौल थोड़ा अलग है। वहां बड़ी संख्या में भारतीय और पाकिस्तानी लोग रोज़गार के सिलसिले में रहते हैं। दिनभर काम करने के बाद वे अपने कमरों में लौट जाते हैं। कई लोगों के लिए वहां मनोरंजन के साधन सीमित होते हैं। ऐसे में मुशायरे और कवि सम्मेलन उनके लिए मनोरंजन और अपने मुल्क की सांस्कृतिक स्मृतियों से जुड़ने का माध्यम बनते हैं।

लेकिन वहां अच्छे और कमज़ोर साहित्य के बीच अंतर करने की प्रवृत्ति हमेशा नहीं दिखाई देती। खासकर निजी आयोजनों में प्रायोजकों और आयोजकों की पसंद का प्रभाव अधिक होता है। पाकिस्तानी दूतावासों के कार्यक्रमों में साहित्यिक चयन अपेक्षाकृत बेहतर देखने को मिलता है। मैं पहली बार 2008 में रियाद और जेद्दा गया था। भारतीय दूतावास की ओर से मुशायरे का आयोजन हुआ था। वहां के एक अधिकारी ने मुझे एक मुशायरे में सुना और फिर मेरा नंबर तलाशकर संपर्क किया। इसके बाद मुझे आमंत्रित किया गया। 2016 में भी उसी सिलसिले में दोबारा जाने का अवसर मिला। इसके अलावा कुवैत, बहरीन और कई दूसरे देशों में भी मुशायरों में शिरकत की। विदेशों में भारतीय शायरी को सुनने और उससे जुड़ने की एक अलग ललक दिखाई देती है। लेकिन मेरे लिए हर जगह साहित्य की गुणवत्ता सबसे अहम रही है।

मेरी शायरी में एक पूरी कहानी नज़र आएगी

सवाल : आपकी कई ग़ज़लें पढ़ते हुए महसूस होता है कि उनमें सिर्फ़ दो मिसरों का प्रभाव नहीं, बल्कि एक पूरी कहानी चलती है। क्या यह आपकी शायरी की सोची-समझी विशेषता है ?

आलम ख़ुर्शीद : मेरी ग़ज़लों को अगर आप ध्यान से पढ़ेंगे तो उनमें आपको एक पूरी कहानी दिखाई देगी। मैं सिचुएशन और मनःस्थिति को ग़ज़ल में उतारने की कोशिश करता हूं। जिस तरह पुरानी फ़िल्मों में कई बार गाना पूरी कहानी कह देता था, उसी तरह मेरी कोशिश रहती है कि ग़ज़ल के भीतर भी एक सिलसिला और एक कथा मौजूद रहे।

मेरी एक ग़ज़ल है :

हाथ पकड़ ले अभी तेरा हो सकता हूं मैं,

भीड़ बहुत है इस मेले में खो सकता हूं मैं...

यह लगभग 2000 के आसपास लिखी गई थी। इसके पीछे दोस्ती और विश्वास से जुड़ा एक अनुभव था। एक ऐसे व्यक्ति के लिए लिखी थी, जिसे मैंने बहुत सम्मान दिया, लेकिन बाद में उसके व्यवहार ने मुझे निराश किया।

लोग इसे रोमांटिक शेर समझते हैं, लेकिन इसके आगे के अशआर पढ़ेंगे तो उसका दूसरा अर्थ सामने आएगा।

पीछे छूटे साथी मुझको याद आ जाते हैं,

वरना दौड़ में सबसे आगे हो सकता हूं मैं,


सोच-समझ कर तूफ़ानों से उलझा हूं वरना,

बहती गंगा में हाथों को धो सकता हूं मैं...

मेरी ज़िंदगी में एक बात हमेशा रही कि मैं किसी की ख़ुशामद करके आगे नहीं बढ़ना चाहता था। चाहे सफलता मिले या न मिले, अपनी मेहनत और अपने दम पर अपनी पहचान बनाना चाहता था।

शायरी किसी विचारधारा का कैदखाना नहीं होनी चाहिए

सवाल : आपकी शायरी में एक तरफ़ मोहब्बत, तन्हाई और रिश्तों की नज़ाकत दिखाई देती है, तो दूसरी तरफ़ आपकी शायरी में कई बार सामाजिक और राजनीतिक कटाक्ष दिखाई देते हैं। आप अपनी शायरी को किस तरह परिभाषित करते हैं?

आलम ख़ुर्शीद : जब मैं शायरी की दुनिया में आया, उस समय आधुनिकतावाद का बहुत प्रभाव था। मैंने अपनी पहली किताब में ही यह स्पष्ट कर दिया था कि मेरा किसी ख़ास तंज़ीम, तहरीक या साहित्यिक विचारधारा से बंधा हुआ रिश्ता नहीं है। चाहे प्रगतिशीलता हो, आधुनिकतावाद हो या क्लासिकी परंपरा, जो चीज़ अच्छी लगेगी, मैं उसे लिखूंगा। मेरे लिए शायरी को किसी एक विचारधारा के कैदखाने में बंद नहीं किया जा सकता। अगर हम शायरी को बांध देंगे तो उसकी रचनात्मक आज़ादी ख़त्म हो जाएगी। शायरी का स्वभाव ही स्वतंत्र होना चाहिए। मैंने प्रगतिशील शायरी भी लिखी है, मनोविज्ञान पर भी लिखा है, मोहब्बत पर भी और सियासत पर भी। किसी एक विषय तक ख़ुद को सीमित नहीं रखा।

बहुत सुकून से रहते थे हम अंधेरे में...

सवाल : आपका एक शेर है, जो अपने भीतर बहुत गहरा सामाजिक और राजनीतिक कटाक्ष समेटे हुए है :

बहुत सुकून से रहते थे हम अंधेरे में,

फ़साद पैदा हुआ रौशनी के आने से।

इस शेर के पीछे आपकी क्या सोच रही ?

आलम ख़ुर्शीद : अच्छे शेर की ख़ूबी यही होती है कि उसे किसी एक अर्थ में बांधा नहीं जा सकता। अलग-अलग लोग अपनी समझ के अनुसार उसका अलग अर्थ निकाल सकते हैं। लेकिन इस शेर में मेरा एक सामाजिक कटाक्ष भी था। जब हम गांव में रहते थे, जब समाज में शिक्षा और आधुनिकता का इतना विस्तार नहीं हुआ था, तब जीवन में एक तरह की सहजता थी। लोगों के भीतर मक्कारी और छल-कपट का यह विस्तार नहीं था।

धीरे-धीरे शिक्षा और आधुनिकता का विस्तार हुआ, लेकिन उसके साथ आदमी की चालाकियां भी बढ़ती गईं। आज देखिए कि दुनिया में कितने बड़े-बड़े संघर्ष हैं। शांति और सुरक्षा के नाम पर कितनी हिंसा हो रही है। अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं मौजूद हैं, लेकिन ताक़तवर देश अपनी मनमानी करते हैं। मेरा सवाल यही है कि जिस रौशनी से इंसान को बेहतर होना था, उसने इतनी विसंगतियां और फ़साद क्यों पैदा किए ? इस शेर में उसी विरोधाभास पर कटाक्ष है।

सवाल : आपकी शायरी में मोहब्बत के बहुत ख़ूबसूरत शेर भी हैं, लेकिन उसके इज़हार में एक तरह का संकोच भी दिखाई देता है. आपने कहा कि शुरुआत में आपने रोमांटिक शायरी से दूरी बनाने का फ़ैसला किया था। ऐसा क्यों?

आलम ख़ुर्शीद : क्लासिकी शायरी में रोमांस पर बहुत कुछ लिखा जा चुका था। मुझे लगा कि अगर मैं भी उसी रास्ते पर चलूंगा तो अपनी अलग पहचान नहीं बना पाऊंगा। इसलिए मैंने आधुनिक शायरी की तरफ़ रुख़ किया।

मेरी एक ग़ज़ल का शेर है :

इश्क़ तहज़ीब के और ही कुछ फ़लसफ़े,

तुझसे होकर हम ख़फ़ा ख़ुद से ख़फ़ा रहने लगे...

मैंने अपनी शुरुआती शायरी में एक अलग तरह की ज़बान और अभिव्यक्ति का प्रयोग किया। लोगों को यह महसूस कराना चाहता था कि शायरी में केवल पारंपरिक शब्दावली ही नहीं, बल्कि नए अनुभवों और नई भाषा के लिए भी जगह है। बाद में मैंने अपने अंदाज़ में बदलाव किया। तीसरी किताब तक आते-आते सहजता और सरलता की तरफ़ लौटने की कोशिश की।

तन्हाई रचनाकार के स्वभाव का हिस्सा है

सवाल : आपकी शायरी में तन्हाई, अकेलापन और भीतर की बेचैनी बार-बार दिखाई देती है। क्या यह जीवन के किसी ख़ास दौर का असर है ?

आलम ख़ुर्शीद : देखिए, दुनिया का हर संवेदनशील रचनाकार कहीं न कहीं अकेला होता है। उसके पास सब कुछ हो सकता है, लेकिन विचारों के स्तर पर वह दूसरों से अलग होता है।

जब आपका मिज़ाज समाज या अपने आसपास के लोगों से नहीं मिलता, तो एक तरह का अकेलापन पैदा होता है। यह अकेलापन केवल किसी व्यक्ति के न होने से नहीं आता, बल्कि विचारों और संवेदनाओं के स्तर पर पैदा होता है।

इसी संदर्भ में एक शेर है :

मांगती है अब मोहब्बत अपने होने का सबूत,

और मैं जाता नहीं इज़हार की तफ़सील में...

हर इंसान के भीतर कुछ भावनाएं ऐसी होती हैं, जिन्हें वह पूरी तरह अभिव्यक्त नहीं कर पाता। शायरी कई बार उन्हीं अनकहे एहसासों की ज़बान बन जाती है।

सवाल : आपकी शायरी की सबसे बड़ी ख़ासियत उसकी सहजता है। आप बड़े विचारों को भी बहुत सरल शब्दों में कह देते हैं। क्या सरल भाषा में ग़ज़ल कहना कठिन होता है?

आलम ख़ुर्शीद : बिल्कुल। सबसे मुश्किल काम सहज भाषा में शायरी करना है। क्लिष्ट भाषा में आपको बहुत सारे शब्दों और भाषाई सुविधाओं का सहारा मिल जाता है। लेकिन जब आपको उसी तरह शायरी करनी हो, जिस तरह आप आम ज़िंदगी में बात करते हैं, तब असली चुनौती सामने आती है।

शायरी का एक मिसरा गद्य के बहुत क़रीब होता है, लेकिन उसमें गद्य से अलग एक रचनात्मक चमक होती है। सबसे अच्छी शायरी वही है, जिसमें एक भी शब्द इधर-उधर करने की ज़रूरत न पड़े। मेरी कोशिश हमेशा यही रही है कि ज़बान सहज हो, लेकिन बात गहरी हो।

ग़ज़ल की दुनिया और नए प्रयोग

सवाल : हाल के दिनों में आपकी लिखी ग़ज़लों को संगीत के साथ नए अंदाज़ में प्रस्तुत किया जा रहा है। यह संयोग कैसे शुरू हुआ ?

आलम ख़ुर्शीद : दरअसल, अनुभव सिन्हा जी कुछ नए प्रयोग करना चाहते थे। उनका मानना था कि ग़ज़ल का जो पारंपरिक फ़िल्मी स्वरूप बन गया है, उससे आगे निकलकर कुछ नई चीज़ें की जानी चाहिए। आज भी ग़ज़ल का एक बड़ा हिस्सा शराबख़ाने, मैख़ाना, साक़ी और महबूबा जैसे पारंपरिक प्रतीकों के इर्द-गिर्द ही देखा जाता है। इससे ग़ज़ल की व्यापक संभावनाएं सीमित हो गई हैं।

अनुभव जी ने शकील आज़मी से संपर्क किया और उनसे नई पीढ़ी की ग़ज़लों और रचनाकारों की तलाश करने को कहा। इसी सिलसिले में शकील ने मुझसे संपर्क किया। मैंने उनसे कहा कि तुम्हारे पास मेरी रचनाएं हैं, उनमें से कुछ चुनकर दे दो। बाद में अनुभव जी तक मेरी कई ग़ज़लें पहुंचीं। उन्हें मेरी सात-आठ ग़ज़लें पसंद आईं। यह मेरे लिए उत्साहजनक बात थी। फिलहाल यह एक तरह का प्रयोग है। ग़ज़लों को AI की मदद से तैयार किए गए वीडियो के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नए श्रोताओं तक ग़ज़ल को पहुंचाना भी है। आगे इसका क्या स्वरूप बनता है, यह दर्शकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा।

सहजता में छिपी ज़िंदगी की गहरी दास्तान

बातचीत के अंतिम हिस्से में आलम ख़ुर्शीद ने अपनी दो ग़ज़लें सुनाईं। इन ग़ज़लों की विशेषता यह रही कि इनमें किसी भारी-भरकम शब्दावली या जटिल बिंब की जगह रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जुड़े बेहद सहज शब्दों के माध्यम से मनुष्य के भीतर छिपी स्मृतियों, पीड़ा, तन्हाई, उम्मीद और जीवन के अनुभवों को अभिव्यक्त किया गया है।

पहली ग़ज़ल

हर दिल में जी कोई तहख़ाना होता है,

तहख़ाने में एक अफ़साना होता है।

एक पुरानी अलमारी के ख़ानों में,

यादों का अनमोल ख़ज़ाना होता है।

दिल रोता है, चेहरा हंसता रहता है,

ऐसा कैसा फ़र्ज़ निभाना होता है।

बढ़ती जाती है बेचैनी नाख़ून की,

जैसे-जैसे ज़ख़्म पुराना होता है।

तन्हाई का ज़हर तो वो भी पीते हैं,

हर पल जिनके साथ ज़माना होता है।

आसानी से राह नहीं बनती कोई,

दीवारों से सर टकराना होता है।

राहगुज़र में ऐसे मोड़ भी आते हैं,

जीने से अच्छा मर जाना होता है।

ज़िंदा रहना है तो अपनी आंखों में,

कोई न कोई ख़्वाब सजाना होता है।

सहरा से बस्ती में आकर भेद खुला,

दिल के अंदर ही वीराना होता है।


दूसरी ग़ज़ल

तो जिसको बरसों रोना होता है,

दिल शीशे का एक खिलौना होता है।

महफ़िल में सब हंसते-गाते रहते हैं,

तन्हाई में रोना-धोना होता है।

सिर्फ़ ख़ुशी आती है किसके हिस्से में,

ग़म का बोझ भी सबको ढोना होता है।

कोई जहां से रोज़ पुकारा करता है,

हर दिल में एक ऐसा कोना होता है।

बेमतलब की चालाकी हम करते हैं,

हो जाता है जो भी होना होता है।

दुनिया हासिल करने वालों से पूछो,

इस चक्कर में क्या-क्या खोना होता है।

सुनता हूं उनको भी नींद नहीं आती,

जिनके घर में चांदी-सोना होता है।

पल दो पल की शोहरत में तुम भूल गए,

जो पाया है उसको खोना होता है।

ख़ुद ही अपनी शाख़ें काट रहे हैं हम,

क्या बस्ती में जादू-टोना होता है?

सवाल : आपकी बातों और शेरों से लगता है कि आपने शायरी में विषयों की कोई सीमा निर्धारित नहीं की। क्या यही आपकी रचनात्मक पहचान है ?

आलम ख़ुर्शीद : मेरी कोशिश यही रही है कि शायरी को किसी एक विषय तक सीमित न रखूं। मैंने राजनीति और समाज पर लिखा है, मनोविज्ञान पर लिखा है, मोहब्बत और रिश्तों पर लिखा है। प्रगतिशील विचारों को भी ग़ज़ल में व्यक्त करने की कोशिश की है। ग़ज़ल में कई बार राजनीतिक और सामाजिक विषयों को उतनी जगह नहीं मिलती, जितनी नज़्मों और कविताओं में मिलती है। मैंने इस दिशा में भी काम किया है। लेकिन मैं केवल प्रगतिशील या केवल रोमांटिक शायर बनकर नहीं रहना चाहता। मेरी नज़र में शायरी का दायरा बहुत बड़ा है। इंसान और उसके अनुभवों से जुड़ी कोई भी चीज़ शायरी का विषय हो सकती है।

सवाल : अंत में, अगर आपकी अब तक की साहित्यिक यात्रा को एक विचार या एक सीख में समेटना हो तो आप क्या कहना चाहेंगे ?

आलम ख़ुर्शीद : मैं यही कहूंगा कि अपनी रचनात्मकता पर भरोसा रखिए। किसी के पीछे भागकर या किसी की ख़ुशामद करके अपनी पहचान बनाने की कोशिश मत कीजिए। आप जो अच्छा लिख सकते हैं, उसे लिखिए और अपने काम के प्रति ईमानदार रहिए। मैंने भी कभी यह नहीं सोचा था कि एक दिन मेरी शायरी को इतना प्यार मिलेगा। मैंने अपना काम किया और जो मिला, उसके लिए शुक्रगुज़ार हूं।


आलम ख़ुर्शीद से हुई यह बातचीत कई मायनों में उनके व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाती है। संस्कृत की कक्षा में एक छात्र के रूप में उर्दू से अनजान रहने वाला वह लड़का आगे चलकर उर्दू ग़ज़ल की दुनिया में अपनी पहचान बनाएगा, यह शायद उस समय किसी ने नहीं सोचा होगा। लेकिन रचनात्मकता की यही तो ख़ूबी है, वह अपने लिए रास्ते तलाश ही लेती है। और शायद आलम ख़ुर्शीद की इस पूरी यात्रा को उनके ही एक शेर से बेहतर कोई दूसरी पंक्ति व्यक्त नहीं कर सकती :

हाथ पकड़ ले अभी तेरा हो सकता हूं मैं,

भीड़ बहुत है इस मेले में खो सकता हूं मैं।

~ आलम ख़ुर्शीद


शायर आलम ख़ुर्शीद साहब से 'रचनाकोश' मंडली की अदबी गुफ़्तगू...