पाली के आलोक में सारण की अस्मिता: डॉ. सोनू कुमार के सिर सजेगा स्वर्ण-मुकुट

छपरा/नई दिल्ली। सारण जिले के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण है कि हरिहरपुर गांव निवासी डॉ. सोनू कुमार का चयन दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित ‘लालमणि प्रोफेसर महेश तिवारी मेमोरियल गोल्ड मेडल’ के लिए किया गया है। उन्हें यह सम्मान पाली भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट अकादमिक प्रदर्शन के लिए 20 नवंबर को आयोजित होने वाले दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में प्रदान किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से अकादमिक शिखर तक
अक्सर संसाधनों की सीमाओं के बीच उठने वाली प्रतिभाएं जब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाती हैं, तो वह पूरे क्षेत्र के लिए नई ऊर्जा का माध्यम बनती है। बिहार के सारण जिले से निकलकर दिल्ली विश्वविद्यालय में अपनी अकादमिक पहचान बनाने वाले डॉ. सोनू कुमार की यह उपलब्धि इसी संघर्ष, समर्पण और निरंतर अध्ययन का परिणाम है।

शिक्षण और विशेषज्ञता का दायरा
डॉ. सोनू कुमार सारण जिले की भुसांव पंचायत के हरिहरपुर गांव निवासी बलिराम कुंवर के पुत्र हैं। वे वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के देशबंधु कॉलेज के इतिहास विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। पाली भाषा एवं साहित्य के साथ-साथ उन्हें बौद्ध अध्ययन और नैतिकता के क्षेत्र में भी विशेष अकादमिक विशेषज्ञता हासिल है।
सारण की विरासत पर केंद्रित शोध कार्य
अध्यापन के साथ-साथ डॉ. कुमार शोध कार्यों में भी सक्रिय हैं। वे भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) की एक शोध परियोजना के परियोजना निदेशक हैं। उनकी यह शोध परियोजना ‘सारण प्रमंडल में पर्यटन विकास: सांस्कृतिक धरोहर, ग्रामीण पर्यटन और आर्थिक सशक्तिकरण का एक अध्ययन’ क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं और स्थानीय स्तर पर आर्थिक सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर केंद्रित है।
क्षेत्र के युवाओं के लिए नई प्रेरणा
डॉ. सोनू कुमार की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव हरिहरपुर सहित भुसांव पंचायत और पूरे सारण जिले में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। एक ओर जहाँ यह सम्मान उनके अकादमिक योगदान की पुष्टि करता है, वहीं सारण पर केंद्रित उनका शोध कार्य स्थानीय धरोहर और संभावनाओं को नई दिशा देता है। उनकी यह सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आगे बढ़ने की एक मजबूत प्रेरणा बनी है। शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, सहकर्मियों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।