Chhath Song 2026 : लोक - लय के अंबर पर छठ का सत्य - सौंदर्य, 4 सबसे जादुई छठ गीत जो गूँज रहे हैं

rachnakosh.in · 13 November 2026 · 7 मिनट

Chhath Song 2026 : लोक - लय के अंबर पर छठ का सत्य - सौंदर्य, 4 सबसे जादुई छठ गीत जो गूँज रहे हैं

वाणी की सुंदर बांक से विभूषित होता बिहार इन दिनों छठ की खुशबुओं को थामे हुए अनन्त में गूंज रहा है। गहरे अर्थ में समझें तो छठ के अंजुमन में सुंदरताओं का समुच्चय है। बिहार, बिहारीयत और बिहारीपन को अपने वक्ष में लिए हुए, जहाँ करुणा के उदात्त भाव से प्रत्येक घर आलोकित है। छठ के संस्कार में सात्विक स्वरधारा है, जो सहज ही अपने प्रवाह से बिहारवासियों को शामिल कर लेती है। परम्परा और प्रयोग के बीच अपनी सार्थक और सृजनशील उपस्थिति कायम करने वाली ऐसी ही स्वरधारा हर साल छठ प्रेमियों के दिलों में एकात्मता स्थापित करती है। शारदा सिन्हा, पद्मश्री विंध्यवासिनी देवी, काली दासी, मालिनी अवस्थी और डॉ. भूपेन हजारिका के छठ गीतों ने गायन की विविधता को जिस स्तर तक पहुँचाया है, उसे देखते हुए ज़माना समय के पन्नों पर लिखी लय की इस महागाथा को हमेशा बांचता रहेगा। शाश्वत अतीत को आगे बढ़ाते, अपने साज में समय के अंतरालों से खेलते ताल के सरताज कलाकारों ने इस वर्तमान वर्ष भी छठ गीतों की महफिल को आबाद किया है। बिहार के संगीतकारों और संस्कारवान श्रोताओं ने छठ के मिजाज पर मोहब्बत की मुहर लगा दी है। चलिए, स्वरधारा का अनंत कारवाँ आगे बढ़ाते हैं और धड़कन में मुंतज़िर हो चुके 2026 में रिलीज़ हुए ऐसे 4 गीतों की ताल के गणित का लुत्फ़ लेते हैं।

1. बहंगी लचकत जाय - Manoj Muntashir Entertainment, Lyrics - Prabudha Saurabh

'मंगल को बजरंग-बली से तेरा शुक्र मनाऊँ, और शुक्र को तू अल्लाह से मेरा मंगल माँगे...', 'तेरी दौलत रह जाएगी तेरे घर चौबारों तक, मेरे अक्षर सैर करेंगे सूरज चाँद सितारों तक...', 'जिसे जैसा रोग दिया है उसका वैसा चारागर, बीमारों तक वेद-जी पहुँचें शायर इश्क़ के मारों तक...', प्रबुद्ध सौरभ के लिखे ये वे प्रेमिल शब्द हैं जो महफिलों में मेहताब की तरह रोशन हैं। इस दफ़ा प्रबुद्ध ने छठ गीतों में अपने शब्दों का तिलिस्म जगाया है। प्रोडक्शन हाउस मनोज मुंतशिर एंटरटेनमेंट, T-Series और T-Series Prarthana की प्रस्तुति, प्रबुद्ध सौरभ के लिखे बोल, स्नेहा शंकर व नमन श्रीवास्तव की आवाज़, कुँवर अंशित का संगीत, नीलम मुंतशिर का क्रिएटिव डायरेक्शन और करण सागर के निर्देशन में बने इस गीत ने उमंगों की कुछ ऐसी रंग-बिरंगी छवियाँ सजाई हैं, मानो समय के झरोखे से कोई सुनहरा बिम्ब झाँक रहा हो।

मनोज मुंतशिर और नीलम मुंतशिर पर फिल्माया गीत 'बहंगी लचकत जाय...' सुर, ताल और लयकारी के ताने-बाने से सजे होने के साथ छठ की पुर - सुकून वादियों को अपनी रूह में पैबस्त रखता है। प्रबुद्ध के शब्दों में परंपरा और प्रयोग के बीच एक सार्थक और सृजनशील उपस्थिति कायम दिखाई देती है। इस गीत को आप T-Series Prarthana | The Sound Of Sanatana and T-Series Hamaar Bhojpuri पर देख-सुन सकते हैं।

2. दिहीं ना आसीसिया - Music Mania - Chhapra Post, Lyrics - Abhishek Arun

पिछले कुछ सालों में छठ गीतों के इतिहास के सुरीले पन्नों पर उनके स्वर एक अमिट हस्ताक्षर की तरह अंकित हैं। अभिषेक अरुण के दर्शन में गायन केवल गले की प्रतिभा नहीं, आत्मा की सर्वश्रेष्ठ प्रार्थना है। अभिषेक संगीत के विभिन्न रूपों-शैलियों की आपसदारी से स्वरों का संवाद रचते रहे हैं। इस दफ़े उन्होंने धुनों और शब्दों का एक नया रसायन तैयार किया है। छठ गीतों की अनुक्रमणिका पर नज़र डालें तो, साल 2018 में 'हमरो के घरे पहुँचाई द...' गीत से इस सफ़र की शुरुआत हुई थी। गाने के बोल, आवाज़ और निर्देशन खुद अभिषेक अरुण ने किया था। अभिषेक अरुण के शब्द और आवाज़ जब भी आपके ज़ेहन तक पहुँचती है, ऐसा महसूस होता है कि फ़िज़ाओं में लहराती बयार के झोंकों में जैसे पंचम का स्वर घुल गया हो। रूह से उठे ये सुर इबादत भी बनते हैं और माटी के दिलकश अहसास भी। तालीम, रियाज़ और तहजीब के रंगों की आभा उनकी दमदार आवाज़ में तैर रही होती है। जाड़े की गुलाबी रंगत के बीच हर साल अभिषेक अरुण के छठ गीत पर श्रोताओं के मिजाज ने मोहब्बत की मुहर लगाई है। यह कारवाँ तब और मुकम्मल होता चला गया, जब साल 2019 में 'कर दीं ना रहिया आसान ए छठी मईया...' और अगले ही साल 2020 में AJ Amarjeet पर फिल्माए गए, अभिषेक अरुण की आवाज़ में सजे गीत 'छठ करीह ज़रूर...' को 'बिहारी नंबर 1' के फेसबुक पेज पर 6 लाख से ज़्यादा लोगों ने देखा।

संगीत के राग-रास में चारों प्रहर डूबे रहते इस आवाज़ को सुन हर बार यही लगता है कि गुरु की तालीम और उस वक़्त की आबोहवा का ही कुछ ऐसा असर रहा होगा कि किशोरावस्था में ही अभिषेक अरुण के कंठ में आरोह-अवरोह की गतियाँ भविष्य की राहों की आहट बन गईं। संगीत-सृजन का यह सफ़र जारी रहा। साल 2018 से 2026 तक, हर साल छठ गीतों में अभिषेक अरुण के गले में सुरों का इंद्रधनुष खिलता है और तजुर्बों का सुनहरा दौर जी उठता है। इस साल 'दिहीं ना आसीसिया...' गीत के साथ अभिषेक ने परंपरा और प्रयोग के बीच एक सार्थक और सृजनशील उपस्थिति दर्ज की है। AI के साथ अभिषेक ने दृश्य और धुनों का एक नया रसायन तैयार किया है। अब तक Chhapra Post के फेसबुक पेज पर इस गीत को 1M से ज़्यादा दर्शकों ने अपना प्यार दिया है। कम संसाधन में बेहतर करने के प्रयासों के बीच राग के इलाके में आलाप के ज़रिए अभिषेक अरुण ने अपनी दमदार दस्तक दी है। आप इस छठ गीत को YouTube Channel 'Music Mania' और Facebook Page 'Chhapra Post' पर देख-सुन सकते हैं।

3. माई बिनु छठ - Devsai Films, Singer & Composer - Sushant Asthana

मराठी के शब्द-शिल्पी वि. दा. सावरकर का सूत्र है -"जे जे सफल उदात्त मंगल महन् मंगल ते ते"। यानी जो श्रेष्ठ है, मंगल है, जो उदात्त है, वह अपने आप साधारण जन तक पहुँचेगा। 'मेरे स्वरों में शक्ति है तो वह ज़रूर श्रोताओं पर प्रभाव डालेगी।' इन विशेषताओं को सुशांत अस्थाना पूरी तरह न्याय करते हुए खड़े दिखाई देते हैं। सुशांत के कंठ से फूटते सुर करुणा की पवित्र धाराओं में मन के प्रक्षालन को आमंत्रण देते हैं। साल 2024 में 'डोमिनिया' छठ गीत सुशांत-सोनल के गायन में कुछ इस तरह निखरता है कि छठ घाट का पूरा माहौल नाद ब्रह्म के मंदिर में बदल जाता है।

यही नाद ब्रह्म साल 2026 में सुशांत की आवाज़ में आए छठ गीत 'माई बिनु छठ...' में शाश्वत होता दिखता है। गणेश कुमार काजल के लिखे बोल, उज्ज्वल श्रीवास्तव और रिक्की मिश्रा पर फिल्माया यह गीत बहुत जल्द दर्शकों की आत्मा में रम जाता है। छठ गीतों के अलावा ग़ज़ल या पारंपरिक गीतों के साथ भी जब सुशांत अस्थाना की आवाज़ दर्शकों तक पहुँचती है, तब-तब लगता है कि वह जिस भी जॉनर में दाखिल हुए, उसमें गहरे तक डूबे-उतराए हैं। आप 'माई बिनु छठ...' गीत को YouTube चैनल 'Devasi Films' पर देख-सुन सकते हैं, साथ ही YouTube चैनल 'Sushant Asthana Official' पर सुशांत की आवाज़ का आनंद ले सकते हैं।

4. जय छठी मईया - Diyarkha, Lyrics - Sonu Kishor

गुलाब, मोगरा, रातरानी... कब किया है इन कुसुमों ने अपना बखान ? अपने मौन में मुस्कुराते ये सहज ही अपनी मौजूदगी का महकता संदेश दे जाते हैं। संगीत की सुगन्ध भी फूलों की मानिन्द होती है। जिस सरगम में स्वरगन्ध होती है, वह सुनने वाले की आत्मा में रच-बस जाता है। युवा गीतकार सोनू किशोर की कलम ने भी ऐसे ही विलक्षण, उदात्त और मधुर शब्द-शिल्प को उकेरा है। एक भावुक, गुणी और संवेदनशील गीतकार ही छठ के सत्य-सौंदर्य का ऐसा सटीक बखान कर सकता है। सोनू किशोर के लिखे बोल, आदर्श और स्निग्धा सरकार की आवाज़ में 'जय छठी मईया...' छठ गीत को सुन ऐसा लगता है जैसे जाड़े की गुलाबी रंगत को मानो नूर मिल गया हो। आदर्श और स्निग्धा की आवाज़ अहोभाव के साथ श्रोताओं के हृदय में अपना बसेरा बना लेती है।

रंग, रीत और रस आपस में मिल जाएँ तो लोक-दस्तूर निभाने का भी अपना अलग आनंद होता है। Diyarkha की टीम ने भी छठ व्रतियों के मन पर कुछ ऐसा ही असर किया है। कैमरे से संवाद करती प्रोडक्शन टीम ने भाव को मरने नहीं दिया। स्वर, संगीत और टीम की साधना का परिणाम है कि अनहद का आलोक भीतर कहीं धमनियों में उतरता है। छठ के इस सांस्कृतिक अनुष्ठान में शब्द-संगीत का अभिषेक करते गीतकार सोनू किशोर के ऐसे रमणीक छठ गीत को अपने दामन में लिए अंजुमन में आना संगीत के कद्रदानों के लिए खुशगवार खबर है। अब तक इस गीत को YouTube पर 5 लाख से ज़्यादा दर्शकों ने अपना प्यार दिया है। आप 'जय छठी मईया...' छठ गीत को YouTube चैनल Diyarkha पर देख-सुन सकते हैं।